
Md-Junaid Khan
मुंगेली। जिले के सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा चोरी प्रकरण में 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों समेत एक खरीदार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल के निर्देशन पर थाना सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस द्वारा चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों समेत एक खरीदार कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। सीएस.टी. इलेक्ट्रिकल्स प्राइवेट लिमिटेड के स्टोर इंचार्ज सौरभ श्रीवास ने कंपनी के स्टोर से विद्युत सामग्री चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में करीब एक लाख अड़तीस हजार रुपये की सामग्री चोरी होना पाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गडगडिया नाला के पास स्थित एक कबाड़ी दुकान में छापा मारकर चोरी का सामान बरामद किया। पूछताछ में सामने आया कि कंपनी के ही दो कर्मचारियों ने चोरी की सामग्री कबाड़ी को बेची थी। पुलिस ने आरोपी कबाड़ी असगर खान, तथा चोरी में शामिल तामरज साहू और भुनेश्वर साहू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की सामग्री और नकद राशि भी बरामद की गई है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस कार्यवाही में साइबर सेल और सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। मुंगेली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्ती जारी रहेगी।

