CG CRIME

अंतरराज्यीय 02 नशा तस्कर गिरफ्तार, गांजा एवं वाहन सहित लगभग 25.34 लाख रुपये की जप्ती।

Md-Junaid Khan

कबीरधाम। जिला पुलिस द्वारा जिले को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन एवं सुनियोजित अभियान के अंतर्गत थाना बोड़ला क्षेत्र में एक अत्यंत प्रभावशाली और निर्णायक कार्यवाही की गई है। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के स्पष्ट निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन में और एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक के सतत पर्यवेक्षण में यह कार्यवाही अंजाम दी गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 11 जनवरी 2026 को थाना बोड़ला पुलिस एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) कबीरधाम की संयुक्त टीम द्वारा विश्वसनीय सूचना के आधार पर घेराबंदी कर अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

आरोपी ओडिशा राज्य से गांजा लोड कर उसे मध्य प्रदेश के रीवा जिले की ओर ले जा रहे थे। तस्करी के उद्देश्य से महिंद्रा बोलेरो वाहन में विशेष रूप से सीक्रेट चैंबर तैयार कराया गया था, जिससे यह स्पष्ट होता है कि आरोपी संगठित एवं पेशेवर तरीके से अवैध नशे का कारोबार कर रहे थे।

पुलिस टीम द्वारा बोलेरो वाहन महिंद्रा बोलेरो व्हाइट रंग क्रमांक MP 17 ZJ 6484 को रोककर गहन तलाशी ली गई, जिसमें सीक्रेट चैंबर से कुल 26.860 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। मौके पर ही गांजा एवं वाहन को विधिवत जप्त कर आरोपियों को हिरासत में लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण इस प्रकार है –

1. लाला चर्मकार पिता कामता प्रसाद चर्मकार, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम जवा, थाना जवा, जिला रीवा, मध्य प्रदेश
2. राधिका मल्ला पिता रामचंद्र मल्ला, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम जवा, थाना जवा, जिला रीवा, मध्य प्रदेश

जप्त सामग्री का विवरण –
जप्त गांजा की कुल मात्रा 26.860 किलोग्राम
जप्त गांजा की अनुमानित कीमत 13,34,000 रुपये
जप्त महिंद्रा बोलेरो वाहन की अनुमानित कीमत 12,00,000 रुपये। कुल जप्त संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग 25,34,000 रुपये

उक्त मामले में थाना बोड़ला में अपराध क्रमांक 01/2026 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ के दौरान गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क, स्रोत, सप्लाई चेन एवं इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त होने की संभावना है, जिस पर आगे और भी प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरी कार्यवाही में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कबीरधाम के प्रभारी उमाशंकर राठौर, साइबर थाना प्रभारी महेश प्रधान तथा थाना बोड़ला प्रभारी निरीक्षक रूपक शर्मा एवं उनकी टीम की सक्रिय भूमिका और सराहनीय समन्वय रहा। साइबर थाना की तकनीकी सहायता एवं सूचनात्मक विश्लेषण के कारण तस्करों की गतिविधियों पर सटीक निगरानी संभव हो सकी।

About The Author

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top