
Md-Junaid Khan
जांजगीर चांपा। जिले में अकलतरा पुलिस ने भूमि अधिग्रहण मुआवजा राशि में 24 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी आधार कार्ड बनाकर मुआवजा राशि निकालने के बाद पिछले तीन वर्षों से फरार थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम तरौद निवासी योगेन्द्र सिंह चंदेल की शिकायत पर, जिसमें के एसके वर्धा पावर प्लांट के लिए अधिग्रहित भूमि की मुआवजा राशि फर्जी दस्तावेजों के जरिए निकालने का आरोप लगाया गया था। डीसीबी बैंक से चेकबुक मिलने पर फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। विवेचना के दौरान पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड की जांच कर दीपक दिवाकर और नरेश रत्नाकर को हिरासत में लिया, जिनकी निशानदेही पर शंकर भारद्वाज, परमेश्वर पाटले और विश्राम भारद्वाज को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने मुआवजा राशि आपस में बांट ली थी।

पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड, बैंक दस्तावेज, मोबाइल नंबर और फोटो जब्त कर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित गम्भीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कार्यवाही करते हुए न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे विवेचना जारी है।

