
Md-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र में हुए बीते दिनों एक अंधेकत्ल का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस ने प्रकरण में पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 दिसंबर 2025 को प्रहलाद साहनी नामक व्यक्ति अपनी मोटरसाइकिल से हिर्री माइंस इंद्रपुरी से बिलासपुर के लिए निकले थे। अगले दिन 8 दिसंबर को उनका शव सकरी शराब भट्ठी के पास मिला। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शराब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। एक कैमरे में केवल ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली, जिसमें गाली-गलौच और बहस की आवाजें सुनाई दीं।
परिजनों ने आवाज की पहचान मृतक के रूप में की, जो जांच में अहम सुराग साबित हुआ। 20 दिनों की जांच, स्थानीय सूत्रों और सर्विलांस के बाद पुलिस इस नतीजे पर पहुंची कि घटना की रात मृतक शराब के नशे में गाली-गलौच कर रहा था। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाले तीन युवकों से उसका विवाद हो गया और मारपीट में उसकी मौत हो गई।

इस मामले में पुलिस ने पुरूषोत्तम वर्मा उर्फ आसाराम और प्रियांशु वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। तीसरा आरोपी प्रियनाथ वर्मा उर्फ बाबू अंडा पहले से ही जेल में बंद है। सकरी पुलिस की इस कार्यवाही में तकनीकी साक्ष्य और ह्यूमन इंटेलिजेंस की अहम भूमिका रही।

