
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के एसीसीयू एवं सकरी पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा हेरोइन (चिट्टा) की तस्करी के प्रकरण में कार्यवाही करते अमृतसर से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार बीते दिनों उसलापुर में 11.73 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़े गए आरोपी दीपक वालिया से पूछताछ और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने पंजाब के अमृतसर में दबिश देकर कथित मुख्य सप्लायर रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू (40) को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व और निर्देशों में ACCU बिलासपुर तथा थाना सकरी की संयुक्त टीम ने कार्यवाही को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार 24 अक्टूबर 2026 को उसलापुर बाजार के पास से दीपक वालिया (32), निवासी अमृतसर, वर्तमान पता वास्तु शिखर अपार्टमेंट, उसलापुर, बिलासपुर को गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2.50 लाख बताई गई, और ₹10,500 नकद बर आमद हुए थे।

प्रकरण में NDPS एक्ट की धारा 21, 22 एवं 29 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। पूछताछ और साइबर सेल से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर हेरोइन की कथित सप्लाई का स्रोत अमृतसर में सामने आया। इसके बाद एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम पंजाब रवाना की गई। अमृतसर में स्थानीय पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू उम्र 40 वर्ष पिता सरदार सतपाल सिंह निवासी महेंद्रा एवेन्यू, सुल्तान विंड, थाना सुल्तान विंड, जिला अमृतसर, पंजाब को गिरफ्तार कर आरोपी के विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

उपरोक्त इस अंतरराज्यीय कार्यवाही में ACCU प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, थाना सकरी प्रभारी निरीक्षक संजय शिंदे, एएसआई सुरेंद्र तिवारी, राजेश्वरधर दीवान तथा ACCU के आरक्षक राकेश यादव और रमेश यादव का अहम किरदार रहा।

