

MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के एसीसीयू एवं सीपत पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल और टैबलेट की सप्लाई करने वाले आरोपी को उत्तर प्रदेश के मथुरा से गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार सीपत पुलिस 11 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर सीपत पुलिस और एसीसीयू की टीम ने ग्राम गुड़ी लोनिया पारा में कार्यवाही करते हुए उग्रसेन लोनिया (60), मुकेश कुमार लोनिया (30) और परमेश्वर लोनिया उर्फ कोंदा (31) को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से 4743 नग प्रतिबंधित कैप्सूल एवं टैबलेट, जिनका कुल वजन 2495.64 ग्राम साथ ही दो मोबाइल फोन भी जप्त किए गए थे। पुलिस ने जप्ती की कुल कीमत 19 लाख 17 हजार 930 रुपये बताई है।

पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि गिरफ्तार आरोपियों ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं की खेप उत्तर प्रदेश के मथुरा निवासी राहुल अग्रवाल (46) से संपर्क कर मंगाई थी। इसके बाद पुलिस ने सप्लाई के स्रोत तक पहुंचने के लिए जांच आगे बढ़ाई, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के निर्देशन में सीपत थाना एवं एसीसीयू की टीम उत्तर प्रदेश पहुंची।

टीम ने मथुरा के गोविंद नगर में आरोपी राहुल अग्रवाल के ठिकाने पर घेराबंदी कर गिरफ्तार किया । पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 497/2026 के तहत कार्यवाही करते हुए विधिवत गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया गया और न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया।

