
MD-Junaid Khan
मुंगेली। जिले के पथरिया पुलिस द्वारा शादी का झांसा देकर युवती के साथ लगातार दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है। जानकरी के अनुसार बुधवार को थाना क्षेत्र की एक युवती अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची और युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। युवती ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि प्रकाश वर्मा ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। युवती के अनुसार, जब वह आरोपी से शादी करने की बात कहती थी, तो वह किसी न किसी बहाने से बात को टाल देता था। काफी समय तक शादी की बात टलने के बाद युवती ने मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी और उनके साथ थाना पथरिया पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान आरोपी युवक की तलाश कर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया। जिस पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 69 बीएनएस के तहत कार्यवाही कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है।

