
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। सोशल मीडिया मैट्रिमोनियल साइट ‘शादी डॉट कॉम’ पर खुद को अविवाहित बताकर एक महिला को शादी के झांसे में लेने एवं उसके साथ दैहिक शोषण करने और नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपए के जेवर व नकदी ठगी करने वाले फरार चल रहे दंपति को बल्लभगढ़, हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार कोरबा निवासी पीड़िता की पहचान सोशल मीडिया मैट्रिमोनियल साइट ‘शादी डॉट कॉम’ के माध्यम से पामगढ़, जांजगीर-चांपा निवासी पवन कुमार यादव (34) से हुई थी। आरोप है कि पवन यादव ने पीड़िता को अपने विश्वास में लेने के लिए खुद को अविवाहित बताया और शादी करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दैहिक शोषण किया। आरोपी ने पीड़िता को नौकरी लगाने की बात कहकर उससे नगदी और सोने-चांदी के जेवर लिए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 12-13 लाख रुपए बताई गई है। घटना के बाद आरोपी अपने ठिकाने से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक वह अपनी पत्नी नवीता यादव (30) के साथ लगातार स्थान बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।

पीड़िता ने 9 मार्च 2026 को थाना तोरवा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 138/2026 धारा 69, 318(4), 3(5) भादवि के तहत अपराध दर्ज किया। प्रकरण दर्ज होने के बाद तोरवा पुलिस ने आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू किया। पुलिस टीम ने पामगढ़ के अलावा बिलासपुर के सरकंडा स्थित ससुराल में भी तलाश की, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर 5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया। इसके बावजूद पुलिस को काफी समय तक आरोपी के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई। पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों के जरिए आरोपी की तलाश तेज की। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल नंबर और उससे जुड़े विभिन्न बैंक खातों की जानकारी जुटाकर उनका विश्लेषण शुरू किया।

इसी दौरान पुलिस को आरोपी की पत्नी नवीता यादव के बैंक खाते में लेन- देन जारी होने की जानकारी मिली खाते में हुए ट्रांजेक्शन को खंगाला तो एक अहम सुराग सामने आया बैंक खाते से बल्लभगढ़, हरियाणा क्षेत्र में राशि की निकासी की गई थी। जो की ट्रांजेक्शन पुलिस की जांच में फरार दंपती तक पहुंचने का अहम सुराग मिला। पुलिस ने बैंक खाते से हुए लेन-देन की जानकारी जुटाई और उस निकासी से जुड़े स्थान एवं अन्य उपलब्ध सुरागों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस को च्वाइस सेंटर की जानकारी मिली जहां से आरोपी द्वारा राशि निकाली गई थी। पुलिस टीम द्वारा पतासाजी करते हुए फरार आरोपी पवन कुमार यादव और उसकी पत्नी नवीता यादव को बल्लभगढ़, हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों को बिलासपुर लेकर पहुंची। दोनों आरोपियों को 9 अगस्त 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपीगण
1. पवन कुमार यादव, पिता स्वर्गीय शंकरलाल यादव, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम डुडंगा, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा।
2. नवीता यादव, पति पवन कुमार यादव, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम डुडंगा, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा।

