
MD-JUNAID KHAN
जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा पुलिस द्वारा जेएसडब्ल्यू प्लांट से कॉपर प्लेट चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 2 लाख रुपये मूल्य के 38 नग छोटे-बड़े कॉपर प्लेट के टुकड़े बर आमद कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार थाना अकलतरा क्षेत्र के जेएसडब्ल्यू तरौद, अकलतरा में कार्यरत सुरक्षा अधिकारी अखिलेश राय ने थाना अकलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराया था, कि पेट्रोलिंग के दौरान प्लांट परिसर में कुछ लोग संदिग्ध परिस्थितियों में सामान निकालते दिखाई दिए। सुरक्षा टीम के पहुंचते ही तीन-चार व्यक्ति भागने लगे, जिनमें से एक को मौके पर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम जलेश्वर प्रसाद केवट (30 वर्ष) निवासी बनाहिल, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा बताया। वह जेएसडब्ल्यू में इलेक्ट्रिशियन के रूप में कार्यरत है। आरोपी के पास मौजूद चार काले रंग के बैगों की तलाशी लेने पर उनमें 38 नग छोटे- बड़े कॉपर प्लेट के टुकड़े बर आमद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग ₹2 लाख आंकी गई। सूचना पर थाना अकलतरा पुलिस मौके पर पहुंच कर आरोपी को पकड़ा जिसको हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करना कबूल किए जाने से विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है तथा मामले में विवेचना जारी है।

नाम आरोपी -जलेश्वर प्रसाद केवट ( 30 वर्ष ) निवासी बनाहिल, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर -चांपा।

