
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। शहर के तारबाहर पुलिस द्वारा पुलिस अधिकारियों को पैसा देने के नाम पर डराकर उगाही करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्यवाही करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, महासमुंद जिले के सरायपाली निवासी रूपेश पटेल 19 जून 2026 को निजी कार्य से बिलासपुर आए थे। किसी विवाद के चलते वे थाना तारबाहर पहुंचे, जिसकी जानकारी उन्होंने अपने दोस्त को दी। इसी का फायदा उठाकर आरोपी सचिन मेहर और सुमित देवांगन ने परिवार को फोन कर पुलिस अधिकारियों को पैसा देने का झांसा दिया और कार्रवाई का भय दिखाकर 5 लाख रुपये की मांग कर डाली। डर के कारण परिवार ने 1 लाख रुपये आरोपी सुमित देवांगन के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी लगातार चार दिनों तक शेष 4 लाख रुपये के लिए धमकी भरे फोन करते रहे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर तारबाहर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्यवाही करते हुए सुमित कुमार देवांगन (36 वर्ष), निवासी देवांगन मोहल्ला, चांपा, जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने 1 लाख रुपये अपने खाते में लेने और बाद में अन्य आरोपी के खाते में ट्रांसफर करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक: 209/2026 धारा 308 (2), 3(5) बीएनएस के तहत कार्यवाही कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले के अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

नाम गिरफ्तार आरोपी: सुमित कुमार देवांगन (36)निवासी देवांगन मोहल्ला, चांपा, जिला जांजगीर-चांपा।

