
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के सिरगिट्टी पुलिस द्वारा हत्या के प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, मामले की शुरुआत तब हुई जब प्रार्थी ने थाना पहुंचकर अपने बड़े भाई विनोद लोमदा के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच के दौरान मृतक की पत्नी पूनम लोमदा से पूछताछ की गई, जिसने चौंकाने वाला खुलासा किया। आरोप है कि पूनम लोमदा ने अपने प्रेमी सुगड टोप्पनो और उसके साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस जांच में सामने आया कि 19 मई 2026 की सुबह आरोपी विनोद लोमदा को पैसा दिलाने के बहाने झारखंड से लोकल ट्रेन में बिलासपुर लाए। इसके बाद रेलवे स्टेशन के आगे रेलवे पटरी किनारे गमछे से गला घोंटकर और चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को पानी भरे कीचड़ में फेंक दिया गया था ताकि पहचान छुपाई जा सके।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी पूनम लोमदा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन उसका प्रेमी सुगड टोप्पनो फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सिरगिट्टी पुलिस की टीम झारखंड रवाना हुई। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के बाद आरोपी को रांची से हिरासत में लेकर बिलासपुर लाया गया।
फिलहाल आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है और मामले की आगे जांच जारी है।

