CG CRIME

बिलासपुर : ट्रेनों में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय महिला गिरोह के विरुद्ध जीआरपी पुलिस की कार्यवाही

MD-Junaid Khan

बिलासपुर। जीआरपी पुलिस द्वारा ट्रेनों में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय महिला गिरोह के खिलाफ जीआरपी पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार बिलासपुर जीआरपी पुलिस ने गिरोह की सरगना मोनी देवी की निशानदेही पर झारखंड के जामताड़ा में छापा मारकर करीब 6 लाख रुपए कीमत का सोने का नेकलेस बरआमद किया है। वहीं चोरी के जेवर खरीदने वाला मुख्य आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया। पिछले सप्ताह जीआरपी ने ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के चार महिला और दो पुरुष सदस्यों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के पास से करीब 17 लाख रुपए के जेवरात बरामद किए गए थे। पूछताछ में गिरोह की सरगना मोनी देवी ने कई अहम खुलासे किए, जिसके बाद जीआरपी प्रभारी विश्वनाथ चक्रवर्ती के नेतृत्व में टीम उसे लेकर झारखंड के जामताड़ा जिले के मिहिजाम पहुंची। मिहिजाम स्थित मोनी देवी के घर से पुलिस ने करीब 4 तोले का सोने का नेकलेस बरामद किया, जिसकी कीमत लगभग 6 लाख रुपए बताई जा रही है। इसके बाद पुलिस चोरी के जेवर खरीदने वाले आरोपी राजकिशोर साव के घर पहुंची, लेकिन वहां का नजारा देखकर टीम भी हैरान रह गई। घर के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा था, जबकि अंदर महिलाएं छिपी हुई थीं। करीब एक घंटे तक दरवाजा नहीं खोला गया। इसके बाद स्थानीय मिहिजाम पुलिस और महिला अधिकारियों को बुलाया गया। काफी समझाइश के बाद अंदर से चाबी दी गई और पुलिस घर के भीतर पहुंची। हालांकि तलाशी के दौरान कोई जेवरात नहीं मिला।

जीआरपी का कहना है कि आरोपी राजकिशोर साव को पहले ही पुलिस कार्यवाही की भनक लग गई थी, इसलिए वह फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी इतना शातिर था कि घर में कोई गहना तक नहीं छोड़ गया था और घर की महिलाओं ने भी कोई आभूषण नहीं पहन रखा था। फिलहाल जीआरपी फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है।

About The Author

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top