
MD-Junaid Khan
कोरबा । जिले के थाना बांकीमोंगरा और साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा 24 घंटे के भीतर खंभे तोड़कर लाखों का बिजली तार चोरी करने वाले 05 आरोपियों को चोरी के माल के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी, कटघोरा के जूनियर इंजीनियर रंजीत पैकरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि सिंघाली लोकहित क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने बिजली के पोल को तोड़कर करीब 3100 मीटर बिजली का तार चोरी कर लिया।


इससे इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और विभाग को लाखों रुपए का नुकसान हुआ। रिपोर्ट के आधार पर थाना बांकीमोंगरा में अपराध क्रमांक 108/2026 के तहत विभिन्न धाराओं (303(2), 324(4), 317(2), 3(5) बीएनएस, विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 136-1(ए), 140, 137 और लोक संपत्ति नुकसानी निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3) में मामला दर्ज किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की गई। एवं आरोपियों की पतासाजी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया विद्युत तार, खंभों में लगे लोहे के उपकरण/चैनल, घटना में इस्तेमाल एक साइकिल और एक मोबाइल फोन बरआमद किया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना को अंजाम देना कबूल किया। वहीं मनोज साहू चोरी का माल खरीदकर आगे बेचने का काम करता था। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्रकरण में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।

