CG CRIME

जांजगीर-चांपा : करही गोलीकांड का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

MD-Junaid Khan

जांजगीर-चांपा। जिला पुलिस द्वारा थाना बिर्रा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करही में एक माह पूर्व हुए गोलीकांड अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल एवं मैगजीन, एक अतिरिक्त खाली मैगजीन घटनामें प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरआमद कर आरोपियों को जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार आरोपियों ने उधारी के पैसों को लेकर लगातार विवाद हो रहा था,

जिसके चलते मृतक आयुष कश्यप के बढ़ते प्रभाव, आर्थिक प्रगति एवं व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा से उत्पन्न जलन और द्वेष की भावना के चलते हत्या की साजिश रची थी। वारदात बीते 23 अप्रैल 2026 की रात करीब 12 बजे घटित हुई थी।

करही गांव के प्रतिष्ठित लोहा व्यवसायी और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सम्मेलाल कश्यप के घर के पीछे वाले रास्ते से तीन अज्ञात नकाबपोश शूटर दीवार फांदकर भीतर दाखिल हुए। हमलावर सीधे उस कमरे में पहुंचे जहां सम्मेलाल का 19 वर्षीय छोटा बेटा आयुष कश्यप, उसका भाई आशुतोष और एक बहन गहरी नींद में सो रहे थे।

अपराधियों ने बिना संभलने का मौका दिए सो रहे आयुष पर पॉइंट ब्लैंक रेंज से दो राउंड अंधाधुंध फायरिंग कर दी। एक गोली सीधे आयुष के सीने और दूसरी उसकी कनपटी को पार कर गई, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बीच-बचाव करने उठे बड़े भाई आशुतोष कश्यप पर भी आरोपियों ने एक राउंड फायर किया, जो उसके दाहिने हाथ में जा लगी। वारदात के समय आरोपियों द्वारा पैसों की मांग किए जाने की बात भी सामने आई थी।

इलाके के इतने रसूखदार और राजनीतिक परिवार के घर में घुसकर हुई इस हत्या से पूरे जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले में हड़कंप मच गया था। मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए बिलासपुर आईजी और सक्ती पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष आसूचना और साइबर टीम को काम पर लगाया गया। पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए सक्ती और जांजगीर-चांपा जिले के सभी नेशनल हाईवे और अंदरूनी रास्तों पर लगे 200 से अधिक सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले।

मृतक

इस दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल डंप डेटा के आधार पर संदिग्धों की लोकेशन छत्तीसगढ़ से बाहर ट्रैक हुई। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की अलग-अलग विशेष टीमों ने देश के 7 राज्यों— गुजरात, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, दिल्ली और यहां तक कि जम्मू-कश्मीर तक में ताबड़तोड़ छापेमारी की, जिसके बाद आखिरकार घेराबंदी कर तीनों शूटरों को दबोच लिया गया। पकड़े गए तीनों ही आरोपी सक्ती जिले के ही स्थानीय निवासी हैं, जो पीड़ित परिवार की हर गतिविधि पर नजर रखे हुए थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूषण बघेल (उम्र 23 वर्ष), हेमंत कुमार बघेल (उम्र 23 वर्ष) और अमित टंडन (उम्र 28 वर्ष) के रूप में की गई है। पुलिस ने जब इनके गुप्त ठिकानों पर दबिश दी, तो इनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मुख्य घातक हथियार यानी एक नग पिस्टल, एक भरी हुई मैगजीन, एक अतिरिक्त खाली मैगजीन एवं घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरआमद कर ली है, जिससे ये घटना को अंजाम देकर फरार हुए थे। पूछताछ में मुख्य आरोपियों ने स्वीकार किया कि सम्मेलाल कश्यप का परिवार क्षेत्र का एक बड़ा लोहा व्यापारी होने के साथ-साथ राजनीति में भी काफी सक्रिय है। सम्मेलाल स्वयं ब्लॉक कांग्रेस के उपाध्यक्ष और पूर्व उपसरपंच रह चुके हैं, जबकि उनकी पत्नी भी गांव की पूर्व सरपंच रही हैं। हाल ही में कश्यप परिवार ने रेत के बड़े कारोबार में कदम रखा था, जिसमें मृतक आयुष कश्यप मुख्य रूप से कमान संभाल रहा था। घटना की रात भी आयुष जांजगीर-चांपा में जब्त हुई अपनी एक रेत गाड़ी को प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत छुड़वाने गया हुआ था और देर रात ही घर लौटा था।

आरोपियों को कश्यप परिवार का यह व्यावसायिक और आर्थिक रूप से बढ़ता प्रभाव फूटी आंख नहीं सुहा रहा था। इसी व्यापारिक प्रतिस्पर्धा में खुद को आगे बढ़ाने और पुराना हिसाब चुकता करने के लिए उन्होंने कश्यप परिवार के चिराग को बुझाने की यह खौफनाक साजिश रची थी। पुलिस ने शनिवार को तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही करते हुए न्यायलय में पेश किया जहां उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया है।

नाम गिरफ्तार आरोपी
(1)-हेमंत कुमार बघेल, उम्र 23 वर्ष
निवासी – करही, थाना बिर्रा,
(2)-भूषण बघेल, उम्र 23 वर्ष
निवासी – करही, थाना बिर्रा,
(3)-अमित टंडन, उम्र 28 वर्ष
निवासी – करही, थाना बिर्रा

About The Author

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top