
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कड़ार में युवती पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को चकरभाठा पुलिस ने गिरफ्तार कर आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू जप्त कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार आरोपी भरत वर्मा (27 वर्ष) और पीड़िता के बीच पहले प्रेम संबंध था। वर्ष 2025 में आरोपी की शादी होने के बाद दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई थी। इसके बाद आरोपी अक्सर युवती से गाली-गलौज करता था। 16 मई 2026 को आरोपी युवती के घर में घुस गया और जान से मारने की नीयत से धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवती के पेट और हथेली में चोट आई। युवती के शोर मचाने पर उसके ससुर मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।

मामले की सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर आरोपी के कब्जे से चाकू जप्त किया। पूछताछ में आरोपी के जुर्म कबूल किए जाने पर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है।

