
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के तारबहार पुलिस द्वारा म्यूल अकाउंट सिंडिकेट के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए म्यूल अकाउंट नेटवर्क संचालित करने वाले 01 आरोपी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार 13 मई 2026 को थाना तारबाहर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक स्टेट बैंक व्यापार विहार बिलासपुर के आसपास खड़ा होकर लोगों को कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खाते और बैंकिंग जानकारी हासिल कर रहा है। सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर तत्काल टीम गठित कर कार्यवाही की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दीपेश कुमार गुप्ता पिता दिलीप कुमार गुप्ता उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम सिरसी थाना बसदई जिला सूरजपुर बताया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह विभिन्न व्यक्तियों से बैंक खाते और बैंकिंग जानकारी लेकर उन्हें अन्य लोगों तक पहुंचाता था तथा इसके बदले नकद कमीशन प्राप्त करता था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन जप्त किया , जिसमें विभिन्न बैंक खातों से संबंधित जानकारी और संपर्क विवरण पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि ऐसे “म्यूल अकाउंट सिंडिकेट” साइबर अपराधियों के लिए “स्लीपर सेल” की तरह काम करते हैं। इनके माध्यम से साइबर ठगी की रकम विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर तुरंत निकाली जाती है, जिससे असली अपराधियों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। पुलिस अब मोबाइल डेटा और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

उपरोक्त कार्यवाही में में निरीक्षक रविन्द्र अनंत, उप निरीक्षक उदयभान सिंह, आरक्षक राहुल राजपूत, कौशल जांगड़े एवं महेन्द्र सोनकर का अहम किरदार रहा।

