

MD-Junaid Khan
बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले के सिमगा पुलिस द्वारा युवती का पीछा करने चाकू दिखाकर शादी के लिए दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार पीड़िता 16 अप्रैल 2026 से सिमगा थाना क्षेत्र के एक कंप्यूटर एजुकेशन सेंटर में कोर्स कर रही थी। इस दौरान आरोपी लगातार उसका पीछा कर उसे परेशान करता था। 16 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे जब युवती कंप्यूटर सेंटर जा रही थी, तभी आरोपी खिलावन निषाद उसके पीछे आया। उसने युवती को चाकू दिखाकर शादी करने के लिए दबाव बनाया और डराने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने युवती के दाहिने हाथ के अंगूठे के पास चाकू से वार कर दिया। युवती के चिल्लाने पर आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप किया।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों की मौजूदगी में कथित तौर पर घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू जप्त कर आरोपी के विरुद्ध थाना सिमगा में अपराध क्रमांक 457/2026 धारा 78(2), 351(2), 115(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्यवाही कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपी – पहचान खिलावन निषाद (23 वर्ष), पिता धरमू निषाद, निवासी ग्राम गुजरा, थाना तिल्दा नेवरा, जिला रायपुर ।

