

MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के कोटा वन विकास निगम क्षेत्र के ग्राम दवनपुर में खेत में खाद छिड़कने गए एक ग्रामीण पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण के चेहरे, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार दवनपुर निवासी संजू मरकाम (42 वर्ष), पिता महादेव मरकाम शनिवार को अपने खेत में खाद छिड़कने गया था। इसी दौरान खेत की मेड़ पर बैठे बाघ ने अचानक उस पर हमला कर दिया। बाघ के हमले से संजू घायल हो गया, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। बताया जा रहा है कि उसने अपने पास मौजूद लोहे के घमेला से बाघ का मुकाबला किया, जिसके बाद बाघ मौके से भाग गया।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विकास निगम के अधिकारी- कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायल ग्रामीण को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया।
घटना के बाद वन विकास निगम और वन विभाग की टीम ने दवनपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में बाघ की तलाश शुरू कर दी है। क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है। वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को सतर्क रहने और फिलहाल खेत एवं जंगल की ओर अकेले नहीं जाने की सलाह दी गई है।

वहीं एसटीपीएफ, एटीआर प्रशासन, बिलासपुर वनमंडल और वन विकास निगम की टीमें लगातार इलाके की निगरानी कर रही हैं। वन विभाग के अनुसार, किसान पर हमला करने वाला वन्यप्राणी कौन था, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद वन विभाग ने पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है। पीपरखूंटी, परसदा, दवनपुर, मानपुर, औरापानी और शिवतराई गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सावधान किया जा रहा है। टीम मौके से मिली जानकारी और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच कर रही है। पहचान की पुष्टि होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

