
Md-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के सकरी बाईपास में गुरुवार-शुक्रवार दरम्यानी देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें शादी सालगिरह कार्यक्रम से वापस लौट रहे 04 युवक को रॉन्ग साइड से आ रहे तेज़ रफ्तार ट्रेलर ने अपने चपेट मे ले लिया। जिस पर स्कार्पियो सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक गंभीर रूप से घायल को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका उपचार जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने हुआ, देर रात करीब 2 बजे ट्रेलर (CG-11-BD-9044) रतनपुर से रायपुर की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया,

जिसके बाद ट्रेलर अचानक रॉन्ग साइड में पहुंच गया। सामने से आ रही स्कॉर्पियो (CG-04-MQ-4220) से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर पास में खड़े एक अन्य ट्रेलर को भी अपनी चपेट में लेते हुए पलट गया।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस, डायल-112 और राहत दल मौके पर पहुंचे। गैस कटर की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान (1)-छत्रपाल रात्रे (37) निवासी कुवागांव, थाना तखतपुर (2)-विशाल लहरे (25) निवासी बिरगहनी, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली (3)-अनमोल लहरे (14) निवासी बिरगहनी, जिला मुंगेली (4)-सोनू मिरी (28) निवासी कोटा (5)-प्रकाश रात्रे, निवासी कुवागांव, गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि सभी लोग यादव ढाबा में आयोजित पारिवारिक शादी की सालगिरह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे।कार्यक्रम स्थल से कुछ ही दूरी पर यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

