CG CRIME

फर्जी अंकसूची के माध्यम से डाकपाल की नौकरी प्राप्त करने का प्रयास करने वाले 01 महिला पुरुष गिरफ्तार..

Md-Junaid Khan

रायगढ़। पुलिस द्वारा फर्जी अंकसूची के माध्यम से डाकपाल की नौकरी प्राप्त करने का प्रयास करने वाले सक्ती जिले के एक महिला और एक पुरुष को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा अधीक्षक डाकघर रायगढ़ संभाग द्वारा थाना सिटी कोतवाली में प्रस्तुत आवेदन के बाद हुआ।
आवेदन के अनुसार जुलाई 2023 में भारतीय डाक विभाग द्वारा ग्रामीण डाकसेवकों की ऑनलाइन भर्ती प्रक्रिया जारी की गई थी।

इस भर्ती में जिला सक्ती के अभ्यर्थी नरेन्द्र कुमार पिता कांशी राम, निवासी बाजार पारा बड़े रबेली मालखरौदा, जिला सक्ती तथा सोनम साहू पति हरिश साहू, निवासी लंहगाडहर सरवानी बाराद्वार, जिला जांजगीर-चांपा ने कक्षा 10वीं की अंकसूची अपलोड कर आवेदन किया था। प्रस्तुत अंकसूची के आधार पर दोनों का चयन क्रमशः रायगढ़ डाक संभाग अंतर्गत बर्रा एवं सुलेसा शाखा में डाकपाल पद हेतु हुआ।

दस्तावेज सत्यापन के दौरान प्रस्तुत अंकसूचियों को संबंधित बोर्ड तमिलनाडु से सत्यापित कराया गया, जहां से प्राप्त रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि उक्त अंकसूचियां बोर्ड द्वारा जारी नहीं की गई हैं। चूंकि ग्रामीण डाकसेवकों की नियुक्ति कक्षा 10वीं के अंकों के आधार पर होती है, इस कारण फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करने की पुष्टि हुई। अधीक्षक डाकघर रायगढ़ के आवेदन पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 59/2026 धारा 420, 467, 468, 471, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन में तत्काल कोतवाली पुलिस ने सक्ती से दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना कोतवाली लाया और उनसे विस्तृत पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने बताया कि नौकरी की तलाश के दौरान उनकी पहचान कोरबा निवासी विनोद कुमार राठौर से हुई, जिसने नौकरी लगवाने के नाम पर तीन से साढ़े तीन लाख रुपये की मांग की। नरेन्द्र कुमार ने उसे ₹3,50,000 दिए, जबकि सोनम साहू ने नियुक्ति पश्चात राशि देने की बात कही थी।

विनोद राठौर द्वारा उन्हें नकली मार्कशीट उपलब्ध कराई गई, जिसे जानते हुए भी दोनों ने ऑनलाइन आवेदन किया। सत्यापन में फर्जीवाड़ा उजागर होने पर उनकी नियुक्ति निरस्त हो गई। पुलिस ने आरोपियों से फर्जी अंकसूचियां तथा वास्तविक शैक्षणिक दस्तावेज जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले का मुख्य साजिशकर्ता विनोद कुमार राठौर निवासी कोरबा फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।

इस कार्यवाही एवं गिरफ्तारी में निरीक्षक सुखनंदन पटेल, एसआई ऐनु देवांगन, एएसआई कोसो सिंह जगत, आरक्षक सत्यानंद यादव, विरेन्द्र कंवर तथा महिला आरक्षक राधा टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गिरफ्तार आरोपी :-
1. नरेन्द्र कुमार पिता स्व. कांशी राम चन्द्रा उम्र 33 साल निवासी बाजारपारा बडे रवेली थाना मालखरौदा जिला सक्ती (छ.ग.)
2. सोनम साहू पति हरीश साहू उम्र 29 साल निवासी सरवानी थाना बाराद्वार जिला सक्ती (छ.ग.)
फरार – विनोद कुमार राठौर निवासी कोरबा

About The Author

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top