
Md-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्यवाही करते हुए अलग-अलग स्थानों पर चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 दिसंबर 2025 को थाना रतनपुर को फोन के माध्यम से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मेलाभाठा रतनपुर के पास और दूसरा व्यक्ति खण्डोबा मंदिर रतनपुर के पास आम जगहों पर चाकू दिखाकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कर उनके निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए मेलाभाठा क्षेत्र से गणेश कुमार सूर्यवंशी, उम्र 18 वर्ष और खण्डोबा मंदिर के पास से आकाश यादव उर्फ बुगलू, उम्र 20 वर्ष को घेराबंदी कर पकड़ा। दोनों आरोपियों के कब्जे से धारदार चाकू बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उप निरीक्षक पवन सिंह सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

