CG CRIME

कोरबा: कार-टैंकर में भिड़ंत,एक मौत,4 घायल

मोहम्मद जावेद

कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा थाना अंतर्गत तानाखार मार्ग पर एक सड़क हादसे में अल्टो कार और डीजल टैंकर में टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

अल्टो कार में कुल पांच लोग सवार थे, जो सभी सूरजपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। कार में दो महिलाएं और तीन पुरुष सवार थे। ये सभी सूरजपुर से बिलासपुर इलाज कराने जा रहे थे, तभी तानाखार के पास उनकी कार की सामने से आ रहे डीजल टैंकर से टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार अजहर शेख पिता अमानुल्लाह खान,निवासी सूरजपुर की मौत हो गई। शाबिया पति शेख अब्दुल सूरजपुर, शबाना पति अली अहमद सूरजपुर, तौकीर अहमद व एक अन्य घायल हो गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों ही वाहनों की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद मृतक वाहन में ही फंस गया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

हादसे की सूचना पर कटघोरा टीआई धर्मनारायण तिवारी मातहतों के साथ घटनास्थल पहुंचे। घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, सभी घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए आगे रेफर किया जा सकता है। घटना के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। लगभग आधे घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब दो किलोमीटर तक गाड़ियों की लंबी कतार देखी गई।

About The Author

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top