
MD-Junaid Khan
मुंगेली। जिले के लोरमी पुलिस द्वारा शासकीय नल-जल योजना में उपयोग के लिए रखे गए करीब 6 लाख रुपये मूल्य के डीआई (DI) पाइप चोरी के प्रकरण में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के एक आरोपी को मध्यप्रदेश के अनुपपुर से गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार, आंध्रप्रदेश निवासी ठेकेदार प्रतिनिधि बालगा भास्कर राव ने 26 जून 2026 को थाना लोरमी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम गोड़खाम्ही नहर रोड, गाड़ाटोला मोड़ के पास निर्माण स्थल पर रखे 30 डीआई पाइपों में से 24 पाइप (250 एमएम) अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।

चोरी गए पाइपों की अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख रुपये बताई गई। इस पर थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 272/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी किए गए पाइपों को अनूपपुर-शहडोल मार्ग स्थित कुदौली के एक कबाड़ी दुकान में बेचा गया है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने वहां दबिश दी। पूछताछ में कबाड़ी दुकान संचालक अनुज कुमार नामदेव (20 वर्ष) ने कबूल किया कि चोरी के पाइप ट्रक क्रमांक CG 04 MG 3817 से लाए गए थे और उन्हें खरीदकर कटिंग कर कबाड़ दुकान में रखा गया था। पुलिस ने कबाड़ी दुकान से चोरी गए डीआई पाइप बरामद कर आरोपी अनुज कुमार नामदेव, निवासी पोड़ी, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार कर आरोपी के विरुद्ध क्रमांक 272/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्यवाही करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

वहीं मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़कर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त की गई तथा न्यायालय के आदेश पर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया। पुलिस ने बताया कि इस चोरी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा मामले की विवेचना की जा रही है।

उपरोक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी लोरमी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव, उपनिरीक्षक अमित गुप्ता सहित थाना स्टाफ का अहम किरदार रहा।

