
MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के हिर्री पुलिस द्वारा ट्रक से हुए टायर चोरी प्रकरण में तीन आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से चोरी के चार टायर, डिस्क सहित तथा घटना में प्रयुक्त वाहन और औजार बर आमद किए गए हैं। जानकारी के अनुसार महमंद निवासी दीपक मरकाम ने अपनी ट्रक क्रमांक सीजी 04 पीएच 0757 को मरम्मत के लिए विश्वकर्मा गैरेज में खड़ा किया था। 10 जून 2026 की सुबह गैरेज के चौकीदार ने सूचना दी कि ट्रक के पीछे लगे जेके कंपनी के चारों टायर अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई।
विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भोजपुरी टोल प्लाजा के पास तीन युवक ट्रकों के टायर बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों संदिग्धों को घेराबंदी कर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल की। गिरफ्तार आरोपियों में ऋषि धीवर (27 वर्ष) निवासी सेमरताल थाना कोनी, संदीप कश्यप (32 वर्ष) निवासी गढ़वट थाना रतनपुर तथा शेखर चंद्राकर (20 वर्ष) निवासी गढ़वट थाना रतनपुर शामिल हैं।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक महिंद्रा पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 12 बीबी 8440 से डिस्क सहित चार नग जेके कंपनी के 9.00 आर-20 साइज के टायर, एक हाइड्रोलिक जैक तथा लोहे का रॉड बरामद किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। हिर्री पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही करते हुए न्यायालय में पेश किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

