CG CRIME

बलौदाबाजार | पलक झपकते ही खाते से लाखों रुपये पार करने वाले शातिर अंतरराज्यीय गिरोह के 02 सक्रिय सदस्यों को पुलिस टीम ने झारखंड के देवघर से घेराबंदी कर किया गिरफ्तार

MD-Junaid Khan

बलौदाबाजार। जिला पुलिस द्वारा अंतरराज्यीय सायबर ठग गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए,मामले में एक स्थाई वारंटी सहित साइबर ठगी करने वाले 02 अंतराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक श्री ओ.पी. शर्मा के कुशल मार्गदर्शन एवं कड़े रुख के चलते बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस को सायबर अपराधियों के खिलाफ एक और ऐतिहासिक सफलता हाथ लगी है। प्रार्थी के खाते से पलक झपकते ही लाखों रुपये पार करने वाले शातिर अंतरराज्यीय गिरोह के 02 सक्रिय सदस्यों को पुलिस टीम ने झारखंड के देवघर में घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार प्रार्थी महेंद्र त्रिपाठी (निवासी संजय कालोनी, बलौदाबाजार) के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से मैसेज आया। प्रार्थी को भनक भी नहीं लगी और शातिर ठगों ने भारतीय स्टेट बैंक, गार्डन चौक बलौदाबाजार स्थित उनके बैंक खाते में सेंध लगाकर अलग-अलग किश्तों में कुल ₹3,74,000/- (तीन लाख चौहत्तर हजार रुपये) की धोखाधड़ी कर रकम पार कर दी। प्रार्थी की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक: 101/2026, धारा 318(4) BNS एवं 335 BNSS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस कप्तान श्री ओ.पी. शर्मा के निर्देश पर जब सायबर सेल और कोतवाली पुलिस ने तकनीकी कड़ियों को जोड़ा, तो चौंकाने वाले सुराग मिले। ठगी की रकम कोलकाता के बंधन बैंक में ‘शौविक राजवंशी’ नामक व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हुई थी। जब पुलिस ने कड़ाई से तफ्तीश की तो पता चला कि यह खाता देवघर (झारखंड) के एक शातिर स्थायी वारंटी मुस्तफा अंसारी के कहने पर महज ‘कमीशन’ के लालच में खोला गया था।

आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा तत्काल एक विशेष पुलिस टीम गठित कर झारखंड रवाना की गई। पुलिस टीम ने जाल बिछाकर इस पूरे सिंडिकेट के मुख्य मोहरे मुस्तफा अंसारी एवं लाल मोहम्मद अंसारी उर्फ लालबाबू दोंनो निवासी पंचरूखी, थाना मार्गोमुंडा, जिला देवघर, झारखंड को उसके ठिकानों से धर दबोचा। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन विधिवत जप्त किया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि इस गिरोह का मुख्य मास्टरमाइंड और अकाउंट मैनेज करने वाला ठेकेदार जामताड़ा निवासी एक अन्य आरोपी है। इन लोगों ने मिलकर योजनाबद्ध तरीके से फर्जी एपीके (APK) फाइल खरीदी थी, जिसके जरिए ये लोगों के फोन का एक्सेस लेकर बैंक खातों को खाली कर देते थे।

25 जून तक पुलिस रिमांड पर आरोपी, खुलेंगे कई बड़े राज- गिरफ्तार आरोपी लाल मोहम्मद अंसारी को झारखंड के मधुपुर कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड पर तथा स्थाई वारंटी मुस्तफा अंसारी को बलौदाबाजार लाया गया। मामले की गंभीरता और गिरोह के अन्य सदस्यों की संलिप्तता व अतिरिक्त बैंक खातों की जांच के लिए माननीय न्यायालय बलौदाबाजार ने आरोपी की 25-06-2026 तक की न्यायिक रिमांड पुलिस को सौंप दी है। पुलिस का दावा है कि रिमांड के दौरान देशव्यापी सायबर ठगी के कई और बड़े चेहरों का बेनकाब होना तय है। प्रकरण विवेचना में है।

आरोपियों के नाम
1. लाल मोहम्मद अंसारी उर्फ लालबाबू पिता रफीक मियां उम्र 35 वर्ष, निवासी पंचरूखी, थाना मार्गोमुंडा, जिला देवघर, झारखंड
2. मुस्तफा अंसारी पिता युसूफ अंसारी उम्र 30 वर्ष, निवासी पंचरूखी, थाना मार्गोमुंडा, जिला देवघर, झारखंड

About The Author

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top