
MD-Junaid Khan
रायपुर। राजधानी पुलिस द्वारा नशामुक्त छत्तीसगढ़ विजन के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना टिकरापारा पुलिस को एक और उल्लेखनीय सफलता हासिल हुई है। जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य करते हुए पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय महिला तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर भारी मात्रा में अवैध गांजा जप्त किया है। जानकारी के अनुसार, 6 जून शनिवार को थाना टिकरापारा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि, रावणभाठा मैदान, भाठागांव बस स्टैण्ड के पास एक महिला संदिग्ध अवस्था में अवैध गांजा विक्रय हेतु ग्राहक तलाश कर रही है। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर मुखबिर के बताए हुलिए की महिला को पकड़ा गया।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम पूजा देवी सोनकर निवासी ग्राम चकरा, उत्तर प्रदेश बताया ,महिला पुलिस अधिकारी की उपस्थिति में विधिवत तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 16.434 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 8 लाख 21 हज़ार 700 रुपये आंकी गई है। पूछताछ में महिला ने कबूल किया कि वह उक्त गांजे को उड़ीसा से लाकर उत्तर प्रदेश ले जाकर वहां खपाने की फिराक में थी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर महिला के विरुद्ध थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 501/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत कार्यवाही करते हुए न्यायालय में पेश किया जहां उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार महिला- पूजा देवी सोनकर निवासी ग्राम चकरा, उत्तर प्रदेश ।

