
MD-Junaid Khan
मुंगेली। जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” के तहत लोरमी पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में बड़ी कार्यवाही करते हुए चाकू से हमला करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि 4 नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, 30 दिसंबर 2025 की रात करीब 10 बजे ग्राम मोहतरा तेली स्थित पैटू तालाब के पास गांव के युवक कमलेश यादव और गीताराम यादव बैठे हुए थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार 6-7 युवक वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। जब कमलेश यादव और गीताराम यादव ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे विश्राम यादव के साथ भी विवाद हुआ। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकी देते हुए चाकूनुमा हथियार से विश्राम यादव के सीने के नीचे और कमलेश यादव के पेट में वार कर दिया।

घटना में दोनों घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कमलेश यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया। लोरमी थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया,पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल किया।आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरआमद कर आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्यवाही कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपी
(1)- विशाल यादव (19 वर्ष) तुलसाघाट, लोरमी।
(2)- राजकुमार यादव (21 वर्ष) तुलसाघाट, लोरमी।
(3)- मुकेश सिंह चौहान (30 वर्ष) तुलसाघाट, लोरमी।

