

MD-Junaid Khan
बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों में घूम घूम कर दिनदहाड़े सूने मकानों को निशाना बना कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी रकम, क्रेटा कार और दो मोटरसाइकिल समेत करीब 19 लाख रुपये की संपत्ति जप्त कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार पिछले कुछ महीनों से बिलासपुर जिले के कोटा, रतनपुर, बिल्हा, पचपेड़ी और बेलगहना चौकी क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में दिन के समय सूने मकानों में चोरी की घटनाएं हो रही थीं। आरोपी मकानों में ताला लगा देखकर उसे तोड़ते और अंदर रखी पेटियों तथा आलमारियों से सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी रकम चोरी कर फरार हो जाते थे।

लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए। जिसके परिपालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, एसीसीयू नोडल अधिकारी एवं सीएसपी सुदीप सरकार तथा एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के नेतृत्व में कोटा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई। कर घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी इनपुट और आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस कोरबा जिले के आरोपियों तक पहुंची।

संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी की घटना को अंजाम देना कबूल किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मोटरसाइकिल से ग्रामीण क्षेत्रों में घूमते थे। दोपहर के समय जब ग्रामीण खेती-किसानी अथवा अन्य कामों से घर से बाहर चले जाते थे, तब वे सूने मकानों और उनमें लगे तालों को देखकर चोरी के लिए निशाना बनाते थे।
इसके बाद ताला तोड़कर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी रकम चोरी कर लेते थे। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बिलासपुर जिले में नौ और कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में एक चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी विनोद कुमार वासुदेव ने चोरी की रकम से सफेद रंग की क्रेटा कार खरीदी थी और उसकी किस्तों का भुगतान भी उसी रकम से किया था। वहीं, आरोपी राज प्रजापति उर्फ लल्लू ने चोरी की रकम से अपने चाचा के नाम पर बुलेट मोटरसाइकिल खरीदी थी तथा उसकी किस्तें भी चोरी की रकम से चुकाने की बात सामने आई। पुलिस ने अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए क्रेटा कार और बुलेट मोटरसाइकिल जप्त कर ली है।

गिरफ्तार आरोपी –
(1)- विनोद कुमार वासुदेव, पिता सुखीराम वासुदेव, उम्र 33 वर्ष।
(2)- भूपेंद्र सिंह राठौर उर्फ गुरुजी, पिता चित्रभान सिंह राठौर, उम्र 43 वर्ष।
(3)- राज प्रजापति उर्फ लल्लू, पिता बलराम प्रजापति, उम्र 19 वर्ष।
तीनों आरोपी डिपरपारा, ग्राम मानिकपुर, चौकी मानिकपुर, थाना सिटी कोतवाली, जिला कोरबा के निवासी हैं।

जप्त मशरूका –
(1)- सफेद रंग की क्रेटा कार — लगभग 10 लाख रुपये।
(2)- बुलेट मोटरसाइकिल — लगभग 1.50 लाख रुपये।
(3)- होंडा एसपी शाइन मोटरसाइकिल — लगभग 1 लाख रुपये।
(4)- सोने-चांदी के विभिन्न आभूषण — लगभग 6 लाख रुपये।
(5)- नकदी रकम — 1 लाख 30 हजार रुपये।
(6)- गुल्लक से प्राप्त सिक्के एवं छुट्टे पैसे — 1,250 रुपये।
जप्त संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य लगभग 18 लाख 31 हजार 250 रुपये है।

उपरोक्त कार्यवाही में थाना कोटा के निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दिलीप साहू, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, प्रधान आरक्षक उमाशंकर राठौर, एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, उपनिरीक्षक कमलेश बंजारे, प्रधान आरक्षक राहुल सिंह तथा आरक्षक धीरेंद्र तोमर, महादेव कुजूर, भास्कर साहू, अविनाश कश्यप और समर बहादुर का का अहम किरदार रहा।

